पत्नी को लेने ससुराल जा रहे बाइक सवार की दुर्घटना में मौत - बिल्हौर- कटरा मार्ग पर हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई घटना संवाद न्यूज़ एजेंसी हरपालपुर। पत्नी को विदा कराने के लिए सांडी थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित ससुराल जा रहे फर्रुखाबाद निवासी बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई ।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर की मोर्चरी में रखवा दिया। शव के पास मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। फर्रुखाबाद जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करनपुर दत्त निवासी अजीत( 31) पुत्र गुलजारी खेती करता था। अजीत की ससुराल सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में है। उसकी पत्नी रामसती अपने तीन बच्चों के साथ लगभग तीन माह पहले मायके गई थी। लॉकडाउन के कारण वह मायके में ही रुक गई। गुरुवार रात अजीत बाइक से पत्नी और बच्चों को लेने के लिए ससुराल जा रहा था ।हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर-कटरा मार्ग पर ग्राम सतौथा के निकट देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही अजीत की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हरपालपुर सीएचसी में रखवा दिया। शव के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई तो ससुरालीजन रोते बिलखते सीएचसी पहुंचे। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक भगवान चंद्र वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।