फोटो 27: हरियावां ब्लॉक का धोबिया आश्रम। संवाद
हरदोई। काम पूरा होने की समयसीमा सिर पर और अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। ऐसे में कब टेंडर होंगे और कब काम पूरा हो पाएगा। जिले के तीन धार्मिक और पौराणिक स्थलों के सुंदरीकरण और पर्यटन के लिहाज से सुविधा और सहूलियत उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विभाग ने 2.76 करोड़ रुपये की स्वीकृति पिछले साल दी थी। काम कराने के लिए 1.92 करोड़ रुपये भी दे दिए थे।
मुख्यमंत्री की घोषणा में विधानसभा क्षेत्रों में धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। पर्यटन विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में तीन कामों को स्वीकृति दी थी। इसमें जिले में विकास खंड भरखनी के अमिरता के रामताल मंदिर पर काम कराने के लिए 83.43 लाख रुपये की शासन ने स्वीकृति दी। काम कराने के लिए पहली किस्त में 62.00 लाख रुपये भी दे दिए। वैसे तो काम मार्च 2026 में शुरू होकर दिसंबर तक पूरा होने की समयसीमा दी गई थी लेकिन अभी तक टेंडर ही नहीं हो पाए हैं।
ऐसे ही विकास खंड हरियावां के तपोभूमि धोबिया आश्रम के सुंदरीकरण के लिए 95.41 लाख रुपये स्वीकृति देते हुए शासन ने 65.00 लाख रुपये दिए हैं। यह काम जनवरी 2026 में शुरू कराते हुए अक्तूबर 2026 तक पूरा किए जाने की समयसीमा तय की गई है। वहीं विकसा खंड अहिरोरी स्थित महर्षि मंगल गिरी आश्रम बाबा भूतनाथ दरबार के सुंदरीकरण के लिए शासन ने 97.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसमें काम कराने के लिए 65.00 लाख रुपये भी दे दिए हैं। दोनों ही काम अक्तूबर 2026 में पूरे कराए जाने की समयसीमा तय है लेकिन अभी तक उप्र राज्य पर्यटन निगम निविदा प्रक्रिया ही पूरी नहीं करा पाया है।
-
मुख्यमंत्री की घोषणा पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक स्थलों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। निगम ने तीन कामों की अभी तक टेंडर प्रक्रिया ही पूरी नहीं कराई है इससे प्रगति पिछड़ी है। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है। -दीपांकर चौधरी, जिला पर्यटन अधिकारी
फोटो 27: हरियावां ब्लॉक का धोबिया आश्रम। संवाद