हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के अस्योली गांव के बाहर युवक का शव एक बाग में फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया और तहरीर पुलिस को दी।
अस्योली निवासी जमुना (25) मजदूरी करता था। बड़े भाई अजय के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखवापुर निवासी एक युवक बुधवार की शाम को जमुना को घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद से जमुना वापस घर नहीं आया। शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने जमुना का शव गांव के बाहर एक बाग में रस्सी के फंदे पर लटकता देखा।
अजय ने घर से बुलाकर ले जाने वाले युवक समेत चार लाेगों पर जमुना की हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए जता रहे हत्या की आशंका
अजय का कहना है कि चार दिन पहले शराब के नशे में जमुना और हत्यारोपियों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एक आरोपी के साथ मारपीट भी हुई थी। अजय को आशंका है कि इसी खुन्नस में आरोपियों ने जमुना की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया।