हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रद्धेपुरवा में युवक का शव घर के अंदर पत्नी की साड़ी के फंदे से लटकता मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूलरूप से सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के विनयकापुर निवासी गौरव (20) खेती करता था। वह शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्धेपुरवा में बने मकान में पत्नी सिद्धी के साथ रहता था। 11 माह पहले ही दोनों की शादी हुई थी। बुधवार शाम गौरव ने कमरे में पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। घरेलू काम निपटाने के बाद कमरे में पहुंची पत्नी सिद्धी ने गौरव को फंदे से लटकते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य परिजन और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पर शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं।