हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवथाना स्थित ननिहाल आए युवक का शव शुक्रवार की सुबह गांव के बाहर बाग में पेड़ पर गमछे से फांसी पर लटकता मिला। परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोरोकला निवासी सत्यप्रकाश उर्फ खुनखुन (28) लखनऊ में मजदूरी करता था। दस दिन पहले वह बीमार होने पर कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम शिवथाना में स्थित नाना छोटेलाल के घर गया था। मृतक के मामा मनोज के मुताबिक गुरुवार की शाम सत्य प्रकाश बिना कुछ बताए घर से निकला था। शुक्रवार की सुबह गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर बाग में शौच के लिए गए सत्य प्रकाश के मौसेरे भाई सौरभ ने शव लटकता देखा, तो परिजनों को जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन और ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
मृतक के नाना छोटेलाल ने बताया कि सत्य प्रकाश शराब पीने का आदी था। घटना को लेकर उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया और कहा कि नशे में उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बेनीगंज कोतवाल राजकरन शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।