हरदोई। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र का शव बुधवार सुबह नारायण देव गांव के बाहर फंदे से लटका मिला। जानकारी पर पहुंचे परिजन बिलख पड़े। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के नारायण देव निवासी आशीष (18) पीबीआर कॉलेज गौसगंज में स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र था। पिता रतीराम के मुताबिक मंगलवार को आशीष दोपहर में घर से बिना कुछ बताए चला गया था। शाम तक वापस न आने पर उसकी तलाश की गई। कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के बाहर देवेंद्र सिंह के बाग में आशीष का शव पेड़ पर फंदे से लटकता देखा।
इसकी जानकारी आशीष के परिजनों को दी। पिता रतीराम परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। परिजन इसकी वजह नहीं बता पा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।