संडीला। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गड़रियनखेड़ा मजरा अलदादपुर नेवादा निवासी वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक घर से भैंस खरीदने के लिए निकला था और उसके पास 36 हजार रुपये भी थे। शव के पास से रुपये भी नहीं मिले हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की है।
गड़रियनखेड़ा निवासी मूलचंद्र (65) खेती करता था। उसके पुत्र अखिलेश के मुताबिक तीन नवंबर की शाम को वह भैंस खरीदने के लिए गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ घुसपहा गए थे। उनके पास 36 हजार रुपये भी थे। जो व्यक्ति मूलचंद्र के साथ गया था, वह रात 12 बजे गांव पहुंचा और अखिलेश से मूलचंद्र के बारे में पूछा। इस पर अखिलेश ने उनके घर वापस न लौटने की जानकारी दी। बुधवार की सुबह छह बजे गदियाना मार्ग पर मूलचंद्र का शव पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना अखिलेश को दी। गुरुवार को अखिलेश ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पूरे मामले में संडीला सीओ एके श्रीवास्तव का कहना है कि हालात संदिग्ध है। जहां पर शव मिला, वहां कटीले तार लगे हैं। इसके अलावा बुधवार की सुबह शव मिलने के 24 घंटे बाद पुलिस को सूचना दिया जाना भी संदेह पैदा कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।