संडीला। कोलकाता से घर आ रहे युवक का शव संदिग्ध हालात में कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर खाखरा गांव में एक खेत में पड़ा मिला। पहले युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई तब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर खाखरा में विद्यासागर के खेत में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव की पहचान मल्लावां के नेवादा अटवारा चकोला निवासी लालता प्रसाद ने अपने छोटे भाई अशोक (30) के रूप में की। बताया कि अशोक कोलकाता में एक कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था। वह 24 जनवरी को कोलकाता से कानपुर के लिए ट्रेन से निकला था। 25 जनवरी की सुबह कानपुर में होने की बात मोबाइल पर बताई थी।
बताया कि इसके बाद से उसका फोन नहीं लग रहा था। घर न पहुंचने पर परिवार के लोगो ने काफी खोजबीन की पर पता नहीं चल पा रहा था। गुमशुदगी की सूचना पुलिस चौकी गंज मुरादाबाद को दी थी। 29 जनवरी की सुबह सोशल मीडिया पर उसकी फोटो देखी तो संडीला सीएचसी आए और शव की पहचान अपने भाई अशोक के रूप में की है। कोतवाल नित्यानन्द सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।