भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के गोनी गांव के पास से निकली नहर के पास स्थित आम के बाग में दुपट्टे से किशोरी का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। घटनास्थल के पास से ही एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। किशोरी के पास मोबाइल फोन होने की जानकारी से परिजनों ने इन्कार किया है। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गोनी निवासी पिता की मौत हो चुकी है। उनकी पुत्री (15) मां के साथ गांव में रहती थी। मां के मुताबिक बेटी बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे घर से बिना कुछ बताए चली गई थी। काफी तलाशने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली थी। गांव की उत्तर दिशा में एक किलोमीटर दूर आम के बाग की रखवाली कर रहे सुजेहटा निवासी नीरज ने बेटी का शव एक पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से लटकता देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी।
जानकारी पर अतरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर ही एक मोबाइल भी मिला है। मां का कहना है कि उसकी बेटी के पास मोबाइल नहीं था। अब पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिव नारायण ने बताया कि जो मोबाइल फोन मिला है, उसका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उम्मीद है कि घटना से जुड़े सुराग मिलेंगे।