पिहानी (हरदोई)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेल पंडरवा गांव के निकट गुरुवार को तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था।
लखीमपुर खीरी जिले के चढ़ेला थानाक्षेत्र के पसिगवां गांव निवासी प्रिंस कुमार गुप्ता (24) बाइक से मामा के घर मैंगलगंज गया था। गुरुवार को वह लौट रहा था। डेल पंडरवा गांव के करीब विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से उसे सीएचसी पिहानी भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे शाहजहांपुर लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रिंस के सिर पर हेलमेट नहीं था। हेलमेट लगाए होता उसकी जान बच सकती थी।
‘एक्सीडेंट प्वाइंट‘ बना डेल पंडरवा का हिस्सा
राष्ट्र्रीय राजामार्ग पर डेल पंडरवा गांव की हद शुरू होने से लेकर गांव की हद खत्म होने तक का हिस्सा ‘एक्सीडेंट प्वाइंट‘ बन हुआ है। आए दिन इसी हिस्से पर हादसे हो रहे हैं। जहानीखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माह में तकरीबन दर्जन भर छोटे- बड़े हादसे होते रहते हैं। रोड के फोर का कार्य शुरू होने के बाद से हादसों की संख्या बढ़ गई है।