हरदोई। कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं की शिक्षा को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ई-पाठशाला के माध्यम से उनके अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। कस्तूरबा स्कूलों में प्रतिदिन 10 अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
जिले में 20 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। जिसमें दो हजार बालिकाएं पंजीकृत हैं। कोरोना काल में शिक्षण कार्य पर असर पड़ा है। शिक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अब अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि राज्य परियोजना महानिदेशक विजय किरन आनंद ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्रत्येक बा स्कूलों में 10-10 अभिभावकों को बुलाया जाए। उनको दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले कक्षा छह से आठ तक के कक्षावार कार्यक्रमों की जानकारी दी जाए व बच्चों को इसे देखने के लिए प्रेरित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा व समस्त वार्डन को यह पत्र जारी कर इसका अनुपालन करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
एआरपी व एसआरजी भी करें सहयोग
शासन स्तर से भेजे गए निर्देशों में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी)व स्टेट ग्रुप मेंबर (एसआरजी) को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के कस्तूरबा स्कूलों का भी निरीक्षण करें और शिक्षकों की मदद करें।