सिलिंडर फटने के कारण दो आवासों के बीच बनीं दीवार कुछ इस तरह हुई क्षतिग्रस्त। संवाद
- फोटो : HARDOI
सांडी (हरदोई)। थाना परिसर के बाहर बने पुलिस क्वार्टर में मंगलवार सुबह चाय बनाते समय छोटे गैस सिलिंडर में आग लग गई। तेज धमाके के साथ सिलिंडर फटने से पुलिस क्वार्टर की दो दीवारें ढह गईं। हादसे में चाय बना रहा सिपाही और दूसरे क्वार्टर में लेटा सिपाही घायल हो गए। घटना की जानकारी पर एएसपी पूर्वी अनिल कुमार और सीओ बिलग्राम एसआर कुशवाहा ने घटनास्थल का जायजा लिया।
यूपी 112 की पीआरवी पर तैनात चालक सिपाही रविंद्र कुमार थाने के बाहर बने सरकारी क्वार्टर में रहता है। मंगलवार सुबह वह छोटे गैस सिलिंडर पर चाय बना रहा था। इसी दौरान सिलिंडर में आग लग गई। रविंद्र कुमार ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तभी सिलिंडर फट गया। सिलिंडर फटने से रविंद्र कुमार के क्वार्टर की दीवार गिर गई और दूसरी तरफ बने क्वार्टर में लेटे दीपू कुमार पर मलबा गिर गया। हादसे में रविंद्र और दीपू घायल हो गए।
घटना की जानकारी पर सांडी के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश यादव घटनास्थल पर पहुंचे और सीएचसी से एंबुलेंस मंगवाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश यादव ने बताया कि छह क्वार्टर बने हैं जिनमें से दो खाली हैं और चार में सिपाही रहते हैं। अन्य सिपाहियों को एहतियातन क्वार्टर खाली करने को कहा गया है।