हरदोई। अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस पर शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। जिसमें चिकित्सक शामिल हुए। कहा गया कि यदि कोई इंसान एक घंटे साइकिल चला ले तो वह पूरे दिन बिना थके हुए काम कर सकता है।
चिकित्सकों ने बताया कि साइकिल रैली का उद्देश्य शहर वासियों को स्वस्थ रहने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के लिए प्रेरित करना है। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. सीके गुप्ता ने बताया कि एक व्यक्ति को दिन में कम से कम एक घंटे साइकिल जरूर चलाना चाहिए। इससे हमारा पूरा शरीर क्रियाशील बना रहता है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय अस्थाना ने बताया कि साइकिल चलाने से शरीर का भार घुटनों पर नहीं पड़ता है, जिससे घुटनों की समस्या नहीं होती है और घुटने खराब नहीं होते हैं।
डॉ. संदीप कटियार, डॉ. अंजू गुप्ता, डॉ. अखिलेश पटेल, डॉ. वीके पांडे, डॉ. अपर्णा गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किए। साइकिल रैली घंटाघर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से शुरू की गई। जिसे वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आनंद कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली घंटाघर से निकलकर नुमाइश चौराहे होते हुए बड़े चौराहा, सिनेमा चौराहा, नघेटा रोड ,जिंदपीर चौराहा ,जेल रोड, रोडवेज बस अड्डे से होते हुए वापस घंटाघर में समाप्त हुई। डॉ. रविंद्र सिंह,डॉ. सुरेश अग्निहोत्री, डॉ. आर पी गुप्ता, डॉ. मनोज कटियार, रामेंद्र मिश्रा, दिव्यांशु दीक्षित मौजूद रहे।