हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा गांव में एक घर के अंदर की लाइन में अचानक हाई वोल्टेज आ गया। उपकरण बंद करने के प्रयास में करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।
म्योरा गांव निवासी श्यामू ऊर्फ छुटकौनू (21) मजदूरी व खेती करता था। भाई मुकेश के मुताबिक रविवार की शाम को अचानक उसके घर में हाई वोल्टेज का करंट आ गया। यह देख कर श्यामू लाइन बंद करने का प्रयास करने लगा। इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गया। इससे वह झुलस गया। परिजन उसे बिलग्राम सीएचसी लाए, जहां पर डॉक्टर ने हालत नाजुक देखकर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इसी बीच उसकी मौत हो गई। श्यामू दो भाइयों में छोटा था। अभी शादी नहीं हुई थी।