हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में मझिला गांव के बाहर जामुन के पेड़ से एक युवक का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। युवक कन्नौज के कोतवाली शहर के बक्शपुर का रहने वाला था। वह यहां एक गांव में आता-जाता रहता था और युवक पर एक महिला ने अपनी पुत्री को परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र भी दिया था।
मझिला गांव के पास पेड़ से फंदे पर युवक के शव को लटकता देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पहले तो युवक की पहचान नहीं हो सकी, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास मिले बैग की तलाशी ली। बैग में मोबाइल, एक ब्लाउज, शैंपू की पुड़िया और अन्य चीजें मिली हैं। पुलिस ने मोबाइल के आधार पर शव की पहचान कन्नौज जनपद कोतवाली शहर के बक्शपुर निवासी देशराज (23) के रूप में की।
सुरसा पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले एक महिला ने देशराज के खिलाफ थाने में शिकायती पत्र देकर पुत्री परेशान करने का आरोप लगाया था। अगले दिन महिला ने थाने पहुंचकर कार्रवाई न करने की बात कही थी। इसके बाद देशराज अपने घर चला गया था। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी गई है।