श्रीनगर में सीआरपीएफ की 35वीं बटालियन में तैनात इंस्पेक्टर की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक अधिकृत तौर पर उन्हें खुदकुशी किए जाने की जानकारी दी गई है। सोमवार शाम शव हरदोई लाया गया। शाम को ही सांडी रोड स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ऊंचा थोक निवासी श्याम सुंदर वर्मा (41) की तैनाती श्रीनगर में थी। पिता श्रीपाल वर्मा के मुताबिक शनिवार रात श्याम सुंदर की फोन पर अपनी पत्नी माला उर्फ निर्मला से बात हुई थी। तब तक सब कुछ सामान्य था। रविवार सुबह लगभग 10.30 बजे श्रीनगर से विभागीय अधिकारियों ने उन्होंने बताया कि श्यामसुंदर ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली है।
सोमवार शाम सीआरपीएफ की एक टुकड़ी श्याम सुंदर का शव लेकर घर पहुंची। शव देखकर पत्नी निर्मला, पुत्रियां स्नेहा और नंदनी व पुत्र वैभव बिलख पड़े। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि सीआरपीएफ की टुकड़ी ने सलामी देकर शव का अंतिम संस्कार कराया।