सवायजपुर। लोनार कोतवाली क्षेत्र के दुलारपुर गांव में कीटनाशक का इस्तेमाल करने से मूंगफली की फसल बर्बाद हो गई। इसकी शिकायत किसानों ने एसडीएम से की। इसके बाद जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने निरीक्षण किया। जिस दुकान से कीटनाशक खरीदा गया था, उसका लाइसेंस निलंबित कर कीटनाशक का सैंपल भी भरा गया है।
दुलारपुर निवासी सुनील, अखिलेश, हरि कुमार, प्रमोद, नेपाल, देवेंद्र आदि ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया था कि उनके लगभग 50 बीघा खेत में लगी मूंगफली की फसल कीटनाशक के इस्तेमाल से बर्बाद हो गई। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विनीत शुक्ला बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचे और जांच की। किसानों ने इस दौरान बताया कि खरपतवार नष्ट करने के लिए कीटनाशक का इस्तेमाल किया था, लेकिन इससे फसल ही बर्बाद हो गई।
किसानों ने कृषि रक्षा अधिकारी को बताया कि कीटनाशक बाजपुर नकटौरा स्थित सैनिक खाद भंडार से ली थी। दुकान पर पहुंचकर कृषि रक्षा अधिकारी ने कीटनाशक दवाओं की गुणवत्ता परखी। खामियां मिलने पर कीटनाशक विक्रेता अनुपेंद्र सिंह का लाइसेंस निलंबित कर दिया। एक कीटनाशक का सैंपल भी भरा है। बताया कि सैंपल को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।