हरदाेई। ऑनलाइन गैम्बलिंग एप पर रुपये हारने के बाद पिता की डांट से बचने के लिए छिनैती की घटना करने वाले किशोर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। किशोर के होनहार छात्र होने का पता चलने पर पीड़ित ने एसपी से मुलाकात कर किशोर के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने का अनुरोध किया। किशोर को हाईस्कूल की परीक्षा में 87 फीसदी अंक मिले थे। किशोर ने एसपी समेत सभी जिम्मेदारों से इंटरमीडिएट में और बेहतर नंबर लाने व इंजीनियर बनकर जिले का नाम रोशन करने का वादा किया है।
पिहानी कस्बे के मोहल्ला भाटन टोला निवासी विपिन बिहारी गुप्ता बुधवार को बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान एक किशोर ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। मौके से निकल रहे एक सिपाही ने किशोर को पकड़ लिया था। विपिन बिहारी की तहरीर पर पुलिस ने किशोर के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की थी। इसी बीच बृहस्पतिवार सुबह विपिन बिहारी को पता चला कि किशोर पढ़ने में मेधावी है और आर्थिक रूप से कमजोर है।
फीस के लिए मिले रुपये गेमिंग एप में गंवाने के बाद उसने डांट से बचने और फीस जमा करने के लिए घटना को अंजाम दिया था। विपिन बिहारी बृहस्पतिवार को किशोर के परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी नीरज कुमार जादौन को पूरी बात बताई तो उन्होंने भी एक कदम आगे बढ़कर मदद की। इस दौरान आरोपी किशोर ने सभी को भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में इंजीनियर बनकर हरदोई का नाम रोशन करेगा।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने अपील की है कि विद्यार्थियों को गैम्बलिंग एप से बचना चाहिए। किसी भी आपराधिक कृत्य में शामिल नहीं होना चाहिए। सभी छात्रों को पढ़ाई में अपना मन लगाना चाहिए, क्योंकि एक भी आपराधिक कृत्य पूरा भविष्य खराब कर देता है।