हरदोई। एक सदी पुराने नुमाइश मेला में तमाम घरेलू प्रयोग की वस्तुओं की बाजार सजती है। जिनका हरदोई वालों को पूरे साल इंतजार रहता है। नुमाइश मेला में क्राकरी के बाजार में अब सबसे अधिक बोन चाइना से बने कप प्लेट और डिनर सेट की खरीदारी होती है।
बोन चाइना के आकर्षक डिजाइन व कलर लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। महमूदाबाद के दुकानदार मुख्तार अंसारी बताते हैं कि बोन चाइना के कप प्लेट 140 रुपये दर्जन से लेकर 160 रुपये तक हैं। क्राकरी बाजार से जिले के लोग साल भर के लिए क्राकरी सहित तमाम सजावटी सामान खरीदते हैं।
व्यापारियाें को नुमाइश मेला के डेढ़ माह में ही लाखों रुपये की आमदनी हो जाती है और इस प्रकार करोड़ों रुपये का टर्न ओवर क्राकरी बाजार से होता है। इसमें बोन चाइना क्राकरी को लेकर लोगों में आकर्षण है। मेहमानों के स्वागत के लिए बोन चाइना की क्राकरी रखना लोग पसंद करते हैं। क्राकरी बाजार बोन चाइना के कप प्लेट और डिनर सेट आकर्षित कर रहे हैं। क्राकरी की रिकार्ड खरीददारी के चलते कई दुकानदार 30 वर्षों से लगातार आ रहे हैं।
कई शहरों से आते दुकानदार
हरदोई। बोन चाइना के कप प्लेट, डिनर सेट सहित तमाम वस्तुएं लेेकर कई शहरों से दुकानदार आते हैं। इनमें बुलंदशहर, खुर्जा, कानपुर, जयपुर, लखनऊ, सीतापुर और उन्नाव से करीब तीस दुकानें आती हैं। जिन पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं।
डेढ़ माह में चार करोड़ तक होता कारोबार
हरदोई। नुमाइश मेला का क्राकरी बाजार भी करोड़ों रुपये का टर्नओवर डेढ़ माह में करता है। जानकारों के अनुसार नुमाइश मेला के क्राकरी बाजार में प्रतिदिन सात से आठ लाख रुपये की बिक्री हो जाती है। ऐसे में यदि डेढ़ माह में बिक्री का अनुमान लगाया जाए तो मेला में आने वाले दुकानदार करीब चार करोड़ रुपये का व्यापार करते हैं।