शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार रात भट्ठा मालिक के घर से नगदी और जेवरात सहित लाखों का माल पार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी लक्ष्मी नारायण अग्निहोत्री के मकान में पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम रनियापुर निवासी राजीव सिंह चौहान पुत्र महेंद्र पाल सिंह परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। उनके गांव में भागवत कथा चल रही है। जिस पर वह तीन दिन पूर्व परिवार के साथ घर चले गए थे। शहर के मकान में ताला लगा था। बुधवार देर शाम जब वह गांव से परिवार के साथ वापस आए तो गेट खुला देख कर भौचक्के रह गए। वह मकान के अंदर गए तो सभी कमरों के ताले टूटे थे। एक कमरे में रखी अलमारी का भी ताला गायब था। घर में चोरी की जानकारी होते ही परिजन सकते में आ गए और पुलिस को सूचना दी। एसआई सुधा सिंह और्र अभिलाष मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। राजीव सिंह ने बताया कि चोर घर में रखे 70 हजार रुपये और करीब छह लाख रुपये के जेवर उठा ले गए हैं। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इससे पूर्व भी शहर में चोरी की चार घटनाएं हो चुकी हैं। जिनका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली प्रभारी महेश नाथ पांडेय ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पुलिस कर्मियों को जांच के लिए भेजा गया है।