पिहानी नगर के जूनियर हाईस्कूल रोड पर स्थित सेलफोन शॉप की पीछे की दीवार पर सेंध लगाकर चोर हजारों का माल ले उड़े। चोरों ने दुकान से मोबाइल व नकदी पर हाथ साफ किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
जूनियर हाईस्कूल रोड पर स्थित मिश्रा मोबाइल शॉप चलाने वाले विशद मिश्रा के उस समय होश उड़ गए जब गुरुवार की सुबह उन्होंने दुकान खोली। दुकान में रखे मोबाइल हैंडसेट गायब थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। पीछे तालाब की तरफ वाली दीवार पर सेंध लगाई गई थी।
विशद के मुताबिक चोरों ने मोबाइल हैंडसेट व तीन हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पिहानी पुलिस चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि वह बाहर हैं, चोरी की सूचना पर कांस्टेबल भेज कर जांच कराई जा रही है।
इस रोड के दुकानदारों अहमद नदीम, पुनीत वाजपेई, राहुल गुप्ता, संदीप सिंह सोनू, अतीक मंसूरी, मंदीप सिंह, राधेलाल राठौर, भोला व पप्पू आदि ने नगर में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। मालूम हो कि रोड के दूसरे सिरे पर बंदर पार्क के निकट पुलिस की पिकेट लगी रहती है। इसके बावजूद चंद कदम के फासले पर हुई यह चोरी पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिह्न है।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा चोर
हरदोई। चार दिन पूर्व अशराफ टोला में सर्राफा व कपड़ा व्यवसाई श्याम सुंदर मेहरोत्रा के आवास से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। शहर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को इसकी एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। पुलिस ने व्यवसायी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जांचे तो चोर दिखाई दे गया। कोतवाली प्रभारी नागेश मिश्र ने बताया कि फुटेज धुंधला है। फिर भी तफ्तीश में काफी सहायता कर सकता है। चोरी करने वाला युवक हलकी उम्र का है। उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।