जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बघौली थानाक्षेत्र के बेहटामुर्तजा बक्स के युवक का शव बुधवार शाम तिलकपुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। युवक सुबह हरदोई दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था। भाई ने गांव के कुछ लोगों पर पीट-पीटकर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। बेहटा मुर्तजा बक्स गांव निवासी राम गोपाल (20) पुत्र सत्यप्रकाश गुप्ता तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। रामगोपाल के माता-पिता की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े भाई आनंद के साथ रहता था।
आनंद ने बताया कि राम गोपाल बुधवार सुबह दवा लेने के लिए हरदोई गया था। दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने उसका शव तिलकपुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना दी। इस पर आनंद ग्रामीणों के साथ तिलकपुरवा गांव पहुंचे। शव तीन टुकड़ों में पड़ा था। एक टुकड़ा बीच में और दो ट्रैक के दोनों ओर पड़े थे। आनंद का आरोप था कि गांव के कुछ लोगों ने पीट-पीटकर रामगोपाल की हत्या कर दी और शव ट्रैक पर रख दिया।
तिलकपुरवा के कुछ लोगों ने पिटाई करते और शव ट्रैक पर रखते देखा भी था। भाई ने बताया कि 14 जनवरी को भी उन लोगों ने राम गोपाल को लात घूसों से पीटा था। मारपीट में रामगोपाल को चोटें आई थीं। उसी की दवा लेने वह बुधवार को दवा लेने हरदोई गया था।
एसओ बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि रामगोपाल ने 17 जनवरी को गांव के कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर दी थी। एनसीआर दर्ज कर मेडिकल कराने के साथ जांच भी कराई गई थी। दूसरे पक्ष ने बताया था कि रामगोपाल पर 14 जनवरी की रात घर में घुसकर छेड़छाड़ लड़की से की थी। इस पर उसे पीटा था। आरोपियों पर कार्रवाई की गई थी। एसओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।