शहर कोतवाली क्षेत्र में सांडी रोड पर कंटेनर ने साइकिल सवार छात्रों को रौंद दिया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के खजुआ गांव निवासी भगवानदीन खेती करता है। उसकी पत्नी कुसुुमा दो बेटों मिथिलेश व हिमांशु (13) को लेकर शहर के मोहल्ला ऊंचाथोक में किराये पर रहती है। हिमांशु रफी अहमद किदवई इंटर कालेज में कक्षा 6 का छात्र था। पास के ही गांव निवासी सौरभ (15) पुत्र आशाराम भी 11वीं में पढ़ता है। सोमवार शाम 6 बजे के करीब हिमांशु व सौरभ टहलने के बहाने साइकिल से निकले थे। सांडी रोड से नुमाइश चौराहे जाते समय पुलिया के निकट तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर भाग गया। राहगीरों ने दोनों को सड़क से उठाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सौरभ के बताए नंबर पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। डॉक्टर ने हिमांशु को लखनऊ रेफर किया था। परिजन उसे लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी कोतवाल घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक व कंटेनर की तलाश की जा रही है।