पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय मिश्रा फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ रोड पर मलिहामऊ महाविद्यालय एवं लॉ कालेज परिसर में बुधवार को राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल के प्रतिनिधि पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय मिश्र को गोलियों से भून दिया गया। वारदात को बाइक से आए तीन युवकों ने अंजाम दिया। पहले संजय मिश्र की आंखों में मिर्च झोंकी, फिर गोलियां चलाईं। लोगों के पकड़ने के प्रयास पर उनकी भी आंखों में मिर्च झोंक फायर किया और भाग निकले। फायर मिस हो जाने से कोई हताहत नहीं हुआ। थाना प्रभारी ओपी तिवारी ने बताया कि घटना का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
संजय के भाई श्यामजी मिश्र ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इन सबकी गिरफ्तारी के बाद ही नामों का खुलासा किया जाएगा। एसपी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि हत्यारों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया गया कि संजय मिश्र (45) पुत्र स्व. हरिशंकर मिश्र सुरसा थाने के मलिहामऊ के निवासी थे। महाविद्यालय एवं लॉ कालेज उन्हीं का है।
वह सुबह करीब साढ़े 10 बजे कार से अपने इस महाविद्यालय में गए थे। कार को चालक सुरेंद्र चलाकर लाया था। दूसरी कार से हुसियापुर के प्रधान विपिन यादव, कमरौली प्रधान के पुत्र पिंकू दीक्षित और रसूलापुर के बाबू सिंह साथ आए थे। परिसर में एक भवन का निर्माण हो रहा है। करीब पौने 11 बजे लाल रंग की बाइक से तीन युवक गेट के अंदर घुसे। बाइक चालक ने 30 मीटर पहले ही बाइक रोकी और दोनों युवकों को उतार दिया। फिर उसने बाइक बंद किए बिना गेट की तरफ मोड़ कर खड़ी कर ली। इधर संजय मिश्र के पास पहुंचे युवक ने उनके पैर छुए और बात करने लगा। दूसरा पीछे खड़ा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी विपिन के मुताबिक सामने खड़े युवक ने मिर्च का पाउडर संजय की आंखों में झोंका और दूसरे ने पीठ में गोली मार दी। पूर्व प्रमुख जमीन पर गिर गए। तब दूसरी गोली उनके सीने में उतार दी गई। कारपेंटर विपिन, पिंकू और बाबू सिंह ने हमलावरों को पकड़ना चाहा तो एक ने विपिन की आंखों में मिर्च झोंक दी और दूसरे ने गोली चला दी। इससे ये लोग सहम गए। दोनों हमलावर बाइक से हरदोई की तरफ भाग गए। लोगों ने हमलावरों पर ईंटें भी चलाईं, पर वे बच निकले। रक्तरंजित पूर्व प्रमुख को चालक सुरेंद्र कार से जिला अस्पताल ले आया।
यहां डॉ. मनोज देशमणि ने उनको मृत घोषित कर दिया। भाई धनंजय मिश्र ने बताया कि हत्या की वजह भदैंचा में चली आ रही पुरानी रंजिश या अन्य राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं। हत्याकांड की जानकारी पर डीएम विवेक वार्ष्णेय, एसपी राजीव मल्होत्रा अस्पताल पहुंचे।