हरपालपुर (उन्नाव)। थाना क्षेत्र के भटौली धारम गांव में सोमवार रात तिलक कार्यक्रम के दौरान घर में घुसे पड़ोसी युवक ने दूल्हे को गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दूल्हे के चचेरे भाई ने पड़ोसी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के भटौली-धारम निवासी बिहारीलाल कुशवाहा के बेटे कुलदीप कुशवाहा का सोमवार को तिलक था। रात करीब 10: 30 बजे तिलक चढ़ाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी कल्लू पुत्र राजेंद्र भी घर में घुस गया।
वह तिलक बेदी पर बैठे कुलदीप (21) के नजदीक गया और तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही कुलदीप खून से लथपथ होकर गिर गया। तिलक कार्यक्रम के दौरान गोली चलने से अफरा- तफरी मच गई। इस बीच कल्लू वहीं तमंचा फेंक कर भाग गया।
परिजन गोली से घायल कुलदीप को सीएचसी ले गए। जहां से जिला अस्पताल और फिर वहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। मंगलवार को कुलदीप के चचेरे भाई अनुपम पुत्र जगपाल की तहरीर पर पुलिस ने कल्लू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
अनुपम ने बताया है कि आरोपी कल्लू के परिजनों से जमीन के कब्जे को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। दो दिन पहले भी कल्लू ने गाली गलौज किया था। हमलावर जिला पंचायत सदस्य का भांजा है। प्रभारी एसओ बीपी सिंह बताया कि घटना स्थन पर जांच की गई है। तमंचा बरामद कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।