मोबाइल की दुकान में लगी सेंध। अमर उजाला।
- फोटो : amar ujala
थाने से चंद कदम की दूरी पर पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने दुकान में सेध लगाकर करीब चार लाख का माल पार कर दिया। चौराहे पर पिकट ड्यूटी के बाद भी पुलिस को घटना की भनक नहीं लगी। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्व मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौराहे पर हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है।
नगर के मोहल्ला अन्नपूर्णा नगर निवासी क्षितिज गुप्ता पुत्र रविन्द्र कुमार गुप्ता की चौराहे के निकट धर्मश्र मिश्र के कारखाने में मोबाइल व रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बुधवार रात चोर कारखाने से दुकान में सेंध लगाकर घुस आए। दुकान में रखे स्मार्ट फोन व रेडीमेड कपड़े उठा ले गए। क्षितिज गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी का पता चला। दुकान के दक्षिण की दीवार में सेंध लगी हुई थी।
कीमती सामान गायब था। उसने बताया कि चोर दुकान से चार लाख रुपये कीमत का माल उठा ले गए। चौराहे पर हुई इस घटना से आस पास के दुकानदारों में भय हो गया है सभी दुकान की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। घटना की सूचना पर एसआई सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। क्षितिज की तहरीर पर पुलिस ने मामले में अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।