कछौना। लखीमपुर में आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने का मसला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हो पाया था कि कछौना में भी एक युवक ने फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड कर दिया। लोगों की शिकायत पहुंचते ही हरकत में आई पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कोतवाली कछौना का है। यहां के एक युवक ने रविवार को एक आपत्तिजनक वीडियो अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट कर दिया। फेसबुक पर पोस्ट अपलोड होते ही कुछ देर बाद मामले में प्रतिक्रिया मिलनी शुरू हुई।
इस पर जैसे ही कुछ लोगाें ने आपत्ति करना शुरू किया और पुलिस को जानकारी दी, पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ खुफिया विभाग के अधिकारी भी सक्रि य हो गए। कुछ ही घंटों बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
कछौना इंस्पेक्टर ओपी सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इस वीडियो में धर्म समुदाय को लेकर टीका टिप्पणी प्रदर्शित की गइ थी।
अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे का कहना है कि इस पर भी विचार किया जा रहा है कि फेसबुक पर पडे़ वीडियो पर जिन जिन ने आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले कमेंट किए हैं उनको भी चिन्हित किया जा रहा है। उन पर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने पर विचार किया जा रहा है।
कोतवाली शाहाबाद क्षेत्र में भी सोशल साइट पर एक धर्म समुदाय के लिए टिप्पणी को अपलोड करना चार युवकों को भारी पड़ा। सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले स्टेटमेंट और टिप्पणियों को करने वाले चार लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर उनकी पड़ताल की जा रही है।