उचाना में सामान की डिलीवरी देने गए एक युवक पर खटकड़ गांव के निकट ईंट से हमला करके पार्सल और नकदी लूट ली। बाइक सवार युवक वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। रामनगर निवासी मनीष कुमार ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऑन लाइन शॉपिंग के सामान की डिलीवरी करने वाली कंपनी में कार्यरत है। शनिवार को उचाना के एक व्यक्ति का पार्सल देने के लिए गया था। जब वह उचाना पहुंचा तो वह व्यक्ति नहीं मिला। जब वह वापस बाइक से आ रहा था तो गांव खटकड़ के निकट बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया और बाइक को रुकवाने का प्रयास किया। लेकिन उसने बाइक को नहीं रोका। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उसके सिर में ईंट मारी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद बाइक सवार युवक 31 पार्सल, 37 हजार 800 रुपये की नकदी व कागजात लेकर फरार हो गए। बाद में राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी की, लेकिन युवकों का सुराग नहीं लगा। उचाना थाना पुलिस ने युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।