हरदोई। पुलिस लाइन में शनिवार को एसपी विपिन कुमार मिश्र ने शहर कोतवाली के सराफा कारोबारी और देहात कोतवाली के श्रीनगर में हुई लूट की वारदातों का खुलासा किया। बताया कि अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्यों ने दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। पकड़े गए बदमाश हरदोई, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर और लखनऊ के हैं। लूट का माल बरामद कर सभी को जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली के चांद बेहटा निवासी सराफा सुधीर गुप्ता की हरदोई- लखनऊ रोड पर जीवा रीवा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। 20 अप्रैल को दोपहर दो बजे दुकान पर वह अकेले बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक ों पर सवार पांच बदमाश पहुंचे थे। तीन बदमाश दुकान में घुसकर व्यापारी को धमकी देते हुए लॉकर की चाभी हासिल की थी और रुपये व गहने समेत करीब छह लाख की लूट की थी।
एसपी ने बताया कि कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम लगाई थी। एसपी ने दावा किया कि सर्विलांस से बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की गई थी। पांच मई को लालपालपुर में रेलवे क्रॉसिंग के पास आम की बाग में लूट के माल का बंटवारा करते समय सात बदमाशों दबोचा गया। बदमाशों की बघौली थाना क्षेत्र के गडौरा निवासी सुधीर गुप्ता और काईमऊ निवासी अनुराग द्विवेदी के तौर पर पहचान हुई।
एसपी ने बताया कि दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। इन्हीं दोनों ने दुकानदार की रेकी की थी। अन्य बदमाश सोहन शर्मा उर्फ तवरेज निवासी मोहल्ला नाला मजरेहटा शहर कोतवाली फर्रुखाबाद, राहुल सिंह निवासी अधपरा थाना जलालाबाद शाहजहांपुर, लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र के मोहल्ला नक्खासा निवासी वहाब अली , मोहल्ला चौपटिया निवासी मोहम्मद अजीम, मोहम्मद अदनान निवासी मोहल्ला अलकार टाकिज थाना हुसैनगंज लखनऊ और टड़ियावां थाना क्षेत्र के जपरा निवासी बब्लू दुबे के साथ साजिश कर वारदात को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया है।
उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल को देहात क ोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर में घर में हुई लूट भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दी थी। एसपी ने बताया कि बदमाशों के पास से लूट का सामान बरामद किया गया है। बताया टड़ियावां थाना क्षेत्र निवासी फरार आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। इस दौरान एसएपी पूर्वी बीसी दुबे, सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान रहे।
देहात कोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर में नौ अप्रैल की रात घर में लूट हुई थी। जबकि 20 अप्रैल को शहर कोतवाली के चांद बेहटा निवासी सराफा क ी दुकान में बदमाशों ने दिन दहाड़े लूट की थी। दोनों वारदात के 25 दिन बाद पुलिस ने बदमाशों को लूट के माल का बंटवारा करते लालपालपुर के एक बाग में दबोचा। लखनऊ से हरदोई आकर माल का बंटवारा करना गले नहीं उतर रहा है। पुलिस ने जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनमें हरदोई जिले के तीन जबकि अन्य पांच बदमाश फर्रुखबाद, शाहजहांपुर और लखनऊ के निवासी हैं।
पुलिस ने बदमाशों के पास से सोेने की चेन, 35 जोड़ी पायल, 3 चांदी के सिक्के, 7 अवैध असलहा और तीन चोरी की बाइकें बरामद की हैं।
सभी बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं। इन सभी पर हरदोई, लखीमपुर और लखनऊ के थानों में लूट, डकै ती और अपहरण के 46 मामले दर्ज हैं। इनमें सोहन शर्मा के खिलाफ 6, अनुराग के खिलाफ 6, सुधीर गुप्ता के खिलाफ 11, राहुल सिंह के विरुद्ध 10, बहाब अली के खिलाफ 5, मोहम्मद अदनान के विरुद्ध 4 और मोहम्मद अजीम के खिलाफ 4 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों वारदातों में 8 बदमाश शामिल रहे। जबकि श्रीनगर निवासी लूट की शिकार महिला का कहना था कि घर में पांच बदमाश ही घुसे थे। इसी तरह सराफा व्यापारी से भी पांच बदमाशों ने ही लूट क ी वारदात अंजाम दी थी। पुलिस खुलासे में आठ बदमाश शामिल बताए गए हैं। जबकि पुलिस ने दोनों ही वारदातों को लूट में ही दर्ज किया था। एसपी से जब बदमाशों तक पहुंचने के संबंध में पूछ गया तो उनका कहना था कि प्रेस नोट में सब लिखा है। प्रेस नोट में ऐसे किसी तथ्य का जिक्र नहीं किया गया है। ऐसे में पुलिस के खुलासे में खेल की चर्चा है।