बिना तलाक दूसरी शादी करने जा रहा दूल्हा
- फोटो : प्रतिकात्मक
पिहानी (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के गांव में शनिवार को एक लड़की की बारात आनी थी, नाते रिश्तेदारी घर पर थे। तैयारियां चल रही थीं। दोपहर में टड़ियावां थाने की पुलिस पहुंची और बताया कि लड़का पहले से शादीशुदा है, पहली पत्नी से तलाक का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। युवक के शादीशुदा होने की जानकारी पर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया।
गांव निवासी युवक की पुत्री की शादी टड़ियावां थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी बब्लू उर्फ मनुकांत पुत्र चंद्रिका के साथ तय हुई थी। 29 अप्रैल को बारात आनी थी। दोपहर करीब दो बजे टड़ियांव थाने दरोगा वीके सरोज लड़की के घर पहुंचे। पुलिस को देखकर कन्या पक्ष के लोग घबरा गए। पुलिस ने लड़की के परिजनों को पिहानी कोतवाली बुलाया।
कोतवाली में बताया कि युवक पहले से शादीशुदा है। नौ साल पहले उसकी शादी थानाक्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी पूनम पुत्री टीकाराम के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद बब्लू ने पूनम को छोड़ दिया। मामला भी कोर्ट में विचाराधीन है। पूनम के पिता कई दिन से कलक्ट्रेट में धरने पर भी बैठे हैं। लड़के के शादीशुदा होने और पहली पत्नी से विवाद चलने की सूचना पर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया।