हत्याकांड का खुलासा करते एएसपी बीसी दुबे। पीछे खड़े आरोपी नीलकंठ और जमुना।
- फोटो : amarujala
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के राममदारपुर गांव की निशा की हत्या शादी से इनकार करने पर की गई थी। किशोरी की पड़ोसन अपने भाई से उसकी शादी कराना चाहती थी, इसीलिए बहला-फुसलाकर उसे भगा ले गई थी। सोमवार को किशोरी का शव गौसगंज माधौगंज के बीच सई नदी में मिला था। किशोरी के पर्स में मिले मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी भाई और बहन को जेल भेज दिया है।
एएसपी बीसी दुबे ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि कासिमपुर थाना क्षेत्र में गौसगंज माधौगंज के बीच सई नदी में सोमवार को एक किशोरी की लाश मिली थी। शव की शिनाख्त अतरौली थाना क्षेत्र के राममदारपुर गांव की निशा उर्फ निक्की (15) पुत्री लाला शर्मा के रूप में हुई थी। उन्होंने बताया कि किशोरी की हत्या माधौगंज थाना क्षेत्र के खुर्दा गांव निवासी नीलकंठ पुत्र सोहन शर्मा और उसकी बहन जमना पत्नी ओमकार निवासी राममदारपुर थाना अतरौली ने की थी।
राममदारपुर गांव में जमना के पड़ोस में ही निशा का मकान है। निशा के पिता लाला शर्मा और भाई लखनऊ में मजदूरी करते हैं। वह गांव में दादी के पास रहती थी। जमुना ने किशोरी को लखनऊ में काम भी दिलवाया था। इसी सिलसिले में वह जमुना के साथ लखनऊ आती-जाती थी। जमुना का भाई नीलकंठ उसके घर आया करता था। नीलकंठ की पत्नी करीब सात साल पहले छोड़कर चली गई थी। बहन के घर आते-जाते उसकी मुलाकात निशा से हो गई।
एएसपी ने बताया कि करीब तीन साल से नीलकंठ और निशा के बीच अवैध संबंध थे। जमुना निशा की शादी नीलकंठ से कराना चाहती थी। बहला-फुसलाकर जमुना और नीलकंठ निशा को भगा ले गए। दोनों उसे लेकर पहले इलाहाबाद गया फिर वहां से माधौगंज क्षेत्र के ससेड़ा गांव अपने मामा के घर ले गया। इसी बीच निशा ने नीलकंठ से शादी करने से इनकार कर दिया और वह घर जाने की जिद करने लगी। जमुना और नीलकंठ को इस बात का डर था कि निशा घर जाकर सबकुछ बता देगी।
इससे बहन-भाई ने निशा की हत्या की साजिश रच डाली। माधौगंज से लौटते समय दोनों किशोरी को बहाने से सई नदी के किनारे ले गए। वहां नीलकंठ ने पीछे से उसके बाल पकड़े और सब्जी काटने वाली चाकू से गले पर कई वार किए। निशा के बेसुध होकर गिरने के बाद जमुना ने पैर पकड़े और नीलकंठ ने गला रेत दिया। कपड़े उताकर दोनों ने शव को नदी में फेंक दिया और भाग निकले। शव के पास मिले पर्स में पुलिस को एक पर्ची पर मोबाइल नंबर लिखा मिला था।
वह नंबर नीलकंठ के मामा के बेटे का निकला। उसने बताया कि नीलकंठ और जमुना उसके घर एक लड़की को लाए थे। इसके बाद पुलिस ने जमुना और नीलकंठ को दबोच लिया। एएसपी ने बताया कि विवेचना अधिकारी कासिमपुर एसओ बृजेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने हत्यारोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त किया गया चाकू और निशा के कपड़े बरामद कर लिए हैं। एसपी चंद्र प्रकाश ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को 5000 रुपये इनाम भी दिया है।