पिहानी (हरदोई)। पत्नी को डंडे और दरांती से बुधवार को मौत के घाट उतारने वाले पति को पुलिस ने मढ़ियां गांव से लौटते समय धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। 53 बीघा खेत और ट्रैक्टर-ट्राली के मालिक शंभू ने बताया कि सब कुछ होने के बावजूद पत्नी की बेरुखी से वह खाने-पीने की परेशानी झेल रहा था। पत्नी ने खेत में गड़ासा लहराया तो उसने हत्या कर दी।
प्रभारी निरीक्षक परशुराम सिंह ने दूसरे दिन ही नयापुरवा गांव में पत्नी के हत्यारोपी शंभू को गिरफ्तार कर मीडिया के समक्ष पेश कर दिया। शंभू ने बताया कि घटना के बाद वह सीधे पुलिस थाने में समर्पण कर देना चाहता था लेकिन उसके कुछ हमदर्दों ने कोतवाल के सख्त होने की बात कही, जिस पर उसने फरारी का रास्ता चुना।
अपने किए पर जरा भी पछतावा किए बगैर शंभू ने बताया कि पत्नी कई साल से उससे बेरुखी कर रही थी। दो साल से उनके बीच बोलचाल तक बंद थी। उसे खाने-पीने की भी परेशानी थी और पिछले दो साल से वह पिहानी के होटल से खाना लाकर खाता था। घटना के दिन भी सुबह जब वह चारा काट रहा था तो उसकी पत्नी ने उसकी तरफ गड़ासा लहराया जिससे उसका मूड खराब था और उसे खेतों में अकेला पाकर मार डाला।