सराफ से लूट की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amarujala
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चांद बेहटा निवासी सराफा व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचों के बदल पर रुपये व सोना-चांदी के गहने समेत करीब छह लाख का सामान लूट ले गए। वारदात के समय सराफ दुकन में अकेला था। बदमाश दुकान में घुसे और असलहा लगाकर जान से मारने की धमकी देते हुए तिजोरी की चाभी हासिल की और बैग में माल समेट कर भाग निकले। सूचना पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे व कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चांद बेहटा निवासी सुधीर गुप्ता सराफ ा व्यापारी हैं। कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ रोड पर मोहल्ला चांद बेहटा में जीवारीवा ज्वैलर्स के नाम से शॉप है। गुरुवार को वह दुकान में अकेले बैठे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे दुकान के सामने दो बाइक ों पर सवार पांच बदमाश आए। दो बदमाश बाइकों पर ही बैठे रहे। जबकि तीन बदमाश दुकान के अंदर पहुंच गए। दुकान के अंदर पहुंच कर उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही दो बदमाशों में से एक ने उनके मुंह व दूसरे ने पेट में असलहा लगा दिया। दोनों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए दुकान में रखी तिजोरी के पास ले गए। इसी दौरान तीसरा बदमाश गोलक से तिजोरी की चाभियां निकाल लाया। बदमाश ने तिजोरी का लॉक खोला और दुकान में ही रखे बैग में सोने-चांदी के गहने और रुपये भर लिए। इस दौरान असलहा लगाए खड़े बदमाशों ने अपने गमछे से सुधीर का मुंह बांध कर फर्र्श पर धकेला और दुकान से बाहर आ गए।
बाहर खड़े बदमाशों ने बाइकों को स्टार्ट कर रखा था। बदमाश बाइकों पर सवार होकर लखनऊ की तरफ भाग निकले। सुधीर मुंह से गमछा खोलकर दुकान से बाहर आए और शोर मचाया। आस-पास के दुकानदारों के आने पर वारदात बताई। सूचना पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे, कोतवाल कमलेश नारायण पहुंचे। पूछताछ में सराफा व्यापारी ने बताया कि यामहा और होंडा की बाइकें थी। दोनों बाइकों की प्लेटों पर नंबर नहीं थे। बदमाश तिजोरी में रखे 65,000 रुपये नगद व सोना-चांदी के गहने समेत करीब छह लाख का माल लूट ले गए।
सराफा व्यापारी के अनुसार बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल थी। कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने बताया की पीड़ित की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।