हरदोई। कोतवाली शहर अंतर्गत लखनऊ रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार एलआईसी एजेंट की मौत हो गई। शहर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी प्रदीप अवस्थी (35) एलआईसी एजेंट थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बीमा की किस्त जमा करने साइकिल से बैंक जा रहे थे।
सिनेमा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने राम शरन (40) निवासी चंदीपुरवा को टक्कर मारते हुए दूसरी साइड में साइकिल से आ रहे प्रदीप अवस्थी को कुचल दिया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राम शरन भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं।
अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
हरदोई। कछौना थानांतर्गत समसापुर निवासी फकरुद्दीन (35) अपनी पत्नी जैबुन के साथ सल्लिहा गमी में गए थे। वहां से लौटते समय हरदोई-पिहानी रोड पर रारा बगिया के पास बाइक सड़क के किनारे खडे़ पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। उसके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं।