बार एसोसिएशन आम सभा की बैठक सोमवार को हुई। इसमें अधिवक्ता शहाब हसन शाबू पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज वकीलों ने मंगलवार को हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। अध्यक्षता कर रहे बार एसोसिएशन अध्यक्ष पीके मिश्रा ने कहा कि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो अधिवक्ता लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
अधिवक्ता शहाब हसन शाबू ने अन्य कई अधिवक्ता साथियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र बार एसोसिएशन को दिया था। उन्होंने बताया था कि पिछले सप्ताह रास्ते में घात लगाकर बैठे मोहल्ले के लोगों ने उनसे और परिजनों से गाली गलौज कर हमला कर दिया था। आरोपी मारपीट कर अधिवक्ता की सोने की चेन भी लूट ले गए। घटना में अधिवक्ता की पुत्री को भी चोट लगी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और सुलह न करने पर जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। शहाब हसन के मसले पर अध्यक्ष और मंत्री समेत कई वकीलों ने पुलिस अधिकारियों से बीते सप्ताह मुलाकात भी की थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस मसले पर सोमवार को पुन: बैठक बुलाई गई। वकीलों ने कहा कि अधिवक्ता के साथ मारपीट की गई। फिर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। वकीलों ने आंदोलन करने की मांग रखी। अधिवक्ता रामप्रताप सिंह यादव, अहमर हुसैन, दिग्विजय सिंह सिकरवार, रामप्रताप सिंह पल्लू, मोहम्मद सलीम, कुलदीप यादव, केके सिंह आदि शामिल रहे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष पीके मिश्रा ने कहा कि मंगलवार को सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। पुलिस अधीक्षक को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। संचालन महामंत्री जेपी त्रिवेदी ने किया।