संडीला। एक तांत्रिक ने कस्बे के एक व्यक्ति, उसके लड़के और घर की औरतों को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाकर घर में रखा सोना चांदी और 75 हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस जांच कर रही है।
कस्बे के निवासी मोहम्मद अख्तर ने बताया कि एक तांत्रिक अपने कुछ सहयोगियों के साथ बीस दिन पहले उसके घर पर पहुंचा और उसे तथा उसके लड़कों एवं महिलाओं को बहला फुसलाकर उसके घर में रखे जेवरात व 75 हजार रुपये दोगुने करने के नाम पर निकलवाए और एक पोटली बांधकर सभी को आंखे बंद करने के लिए कहा व पोटली स्वयं ले ली।
उसके बाद उसने उसे एक स्थान पर रखवाकर कहा कि बीस दिन तक इस पोटली को न तो खोलना और न ही बाहर निकालना। चालाकी से तांत्रिक ने जेवर और रुपये अपने पास रखकर पोटली में मिट्टी भरवाकर रखवा दिया। 20 दिन बाद जब मोहम्मद अख्तर ने पोटली खोला तो उसमें केवल मिट्टी निकली।
इस पर मोहम्मद अख्तर और परिवार के लोग सकते में आ गए। उन्होंने थाने सहित पुलिस के उच्च अधिकारियों सहित प्रार्थना पत्र देकर तांत्रिक एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संडीला कोतवाल उमाशंकर उत्तम ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।