अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिथानखेड़ा में घरेलू विवाद में पति ने पहले पत्नी को गड़ासे से काट डाला, फिर बाग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय दंपति घर पर अकेले थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है।
अतरौली थाना क्षेत्र के पिथानखेड़ा मजरा बहेलिया निवासी रघुवीर (60) पुत्र गुलकी ने मंगलवार सुबह 9 बजे घर के अंदर घरेलू कलह में पत्नी दया (48) को गड़ासे से काट डाला। पत्नी की हत्या करने के बाद रघुवीर घर से दो सौ मीटर दूर स्थित अपने बाग में पहुंचा और फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी तब हुई जब रघुवीर की पुत्री आरती और बहू निशा शौच के बाद घर पहुंचे। घर के अंदर दया का शव देख दोनों ने शोर मचाया, तो ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद सभी रघुवीर को खोजने लगे।
थोड़ी देर बाद ही उसका शव बाग में लटकता मिला। ग्रामीणों की जानकारी पर एसओ दीनानाथ मिश्र मौके पर पहुंचे और सूचना एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह व सीओ संडीला अरुण कुमार सिंह को दी, जिस पर दोनों अधिकारी भी गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि दया मानसिक रूप से बीमार थी। बताया कि दंपति के बीच मंगलवार सुबह विवाद हुआ था, जिसे उनके बच्चों ने शांत करा दिया था। जब बच्चे बाहर चले गए, इसके बाद घटना हुई।