हरपालपुर। थाने से ड्यूटी कर लौट रहे होमगार्ड से मंगलवार शाम टिलियापुर गांव के आगे बदमाशों ने तमंचे के बल पर 35 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। सुबह पीड़ित लूट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने धमकाकर मारपीट की तहरीर लिखाकर मनमानी रिपोर्ट दर्ज कर ली।
ललुआमऊ गांव निवासी राहुल (30) होमगार्ड है। मंगलवार को उसकी हरपालपुर थाने में ड्यूटी लगी थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसने कसबे में बस स्टाफ के पास एसबीआई के एटीएम ने 35 हजार रुपये निकाले और फिर ड्यूटी पर चला गया। पांच बजे ड्यूटी समाप्त होने पर वह गांव लौट रहा था। टिलियापुर में वह टेंपो से उतरा। यहां से पैदल ललुआपुर जा रहा था। शाम छह बजे टिलियापुर व ललुआपुर के बीच में बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहे के बल पर रुपये लूट लिए। विरोध करने पर असलहे की बट और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने राहुल को सीएचसी पहुंचाया। बुधवार सुबह होमगार्ड रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने लूट के बजाय मारपीट तहरीर देने को कहा। मना करने पर उल्टा मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। होमगार्ड का कहना है पुलिस ने जबरियां तहरीर लेकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी उप निरीक्षक मनोज अवस्थी का कहना है कि होमगार्ड और उसके साढ़ू में मारपीट हुई थी, उसने लूट की मनगढंत कहानी बनाई है। मामला मारपीट का है इसलिए मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है।