हरियावां। थाना क्षेत्र के कायमपुर गांव में संदिग्ध अवस्था में महिला का शव फांसी पर लटकता मिला। भाई ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इंचार्ज थाना प्रभारी साहनी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
बघौली थाना के ढोली गांव निवासी राम सिंह ने दो वर्ष पूर्व पुत्री मेनका (32) की शादी कायमपुर निवासी सर्वेश से की थी। रविवार सुबह उसका उसका शव कमरे के अंदर फांसी पर लटकता मिला। भाई मुन्नी लाल का कहना है कि घटना के संबंध में ससुरालीजनों ने उसे कोई सूचना नहीं दी थी। गांव की एक अन्य लड़की भी कायमपुर में ब्याही है। दोपहर लगभग 12 बजे उसने फोन पर उसे घटना के संबंध में जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर पिता व गांव के अन्य लोगों के साथ कायमपुर पहुंचा था। उसके पहुंचने पर शव चारपाई पर रखा मिला।
उसने घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी। मुन्नी लाल ने बताया कि शादी के समय में दान दहेज के लिए तय सभी शर्तों को पूरा किया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ससुरालीजन दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग को लेकर मेनका को प्रताड़ित कर रहे थे। मुन्नी लाल ने ससुरालीजनों पर हत्याकर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।