कोतवाली में रखी एसटीएफ टीम द्वारा पकड़ी गई हरियाणा की अवैध शराब।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ एसटीएफ ने सदर कोतवाली पुलिस के साथ हरदोई रोड सीमा के पास हरियाणा से लाई गई लाखों रुपये की अवैध शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। डीसीएम में धान की भूसी के नीच दारू की पेटियां लादकर ला रहे थे। उनके पास से स्कार्पियो के साथ चालीस हजार रुपये भी मिले हैं।
एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक अंजनी कुमार तिवारी को सूचना मिली कि कुछ लोग हरियाणा की शराब लाकर कन्नौज, हरदोई, औरैया सहित र्कई अन्य जनपदों में बिक्री करते हैं। शुक्रवार की रात सूचना मिली की एक डीसीएम पर हरियाणा की शराब लादकर हरदोई बेचने के लिए ले जाई जा रही है। वह कन्नौज कोतवाली प्रभारी आलोक सिंह यादव के साथ टीम के साथ महादेवी घाट हरदोई रोड पर पहुंच गए।
शुक्रवार रात दो बजे के करीब एक स्कार्पियो व एक डीएम हरदोई की ओर जाता दिखा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसमें सवार औरैया जनपद के थाना बेला गांव गैली निवासी दीपक कुमार पुत्र अमर सिंह, हरदोई जनपद के मोहल्ला अस्थौली निवासी लल्लन सिंह पुत्र शिवमंगल सिंह, हरदोई जनपद के थाना बिलग्राम के गांव परसौला निवासी बृजेश सिंह पुत्र रमेश सिंह के अलावा इसी जनपद के थाना बिलग्राम गांव सढ़ियापुर निवासी भानुप्रताप सिंह पुत्र शेरसिंह को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान डीसीएम में हरियाणा मार्का व्हिस्की की 550 पेटी क्वार्टर, 147 बोतल के अलावा 40 हजार रुपये नगद और फर्जी कागजात बरामद किए। मामले में एसटीएफ के निरीक्षक अंजनी कुमार तिवारी ने सभी के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हरियाणा ब्रांड की शराब यूपी में दोगुनी कीमत पर बेची जाती है। इसी लिए शराब माफिया हरियाणा से शराब लाकर यहां बेच लाभ कमाते हैं। उक्त युवक आसपास जनपदों में हरियाणा की शराब सप्लाई करते हैं।