हरदोई। गल्ला मंडी अनाज बेचने आए टड़ियावां के किसान को नशीला पदार्थ खिलाकर शुक्रवार को बदमाशों ने नगदी और ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली। सड़क किनारे बेहोश पड़े किसान को शनिवार सुबह अस्पताल पहुंचाया। किसान के परिजनों ने थाने पर तहरीर दी है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के जयराजपुर निवासी महेंद्र पाल (40) शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्राली में अनाज बेंचने मंडी आया था। अनाज बेंचकर वह घर लौटने की तैयारी में था तभी दो युवक उसके पास आए और संडीला तक ट्रैक्टर-ट्राली चार हजार रुपये के किराये पर ले गए थे। बदमाशों ने उसे कोई जहरीला पदार्थ खिलाकर नकदी व ट्रैक्टर-ट्राली लूट लिए और उसे रास्ते में फेंक दिया। इसके बाद से वह लापता था। शनिवार की सुबह वह कछौना थाना क्षेत्र के रैसो गांव के पास सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में मिला।
उसके पास मौजूद नगदी और ट्रैक्टर-ट्राली गायब था। किसान के परिजनों के मुताबिक लगभग दो बजे संडीला तक ट्रैक्टर-ट्राली किराए पर ले जाने के संबंध में उसने फोन पर जानकारी दी थी। इसके बाद देर रात तक उसका फोन नहीं आया। उसके नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो स्वीच आफॅ था। परिजनों को फि क्र हुई, काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह की सुबह वह कछौना थाना क्षेत्र के रेसों गांव के पास बेहोशी की हालत में मिला। उधर से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।