पिहानी (हरदोई)। जहरीला कीड़ा काटने से किसान की मौत पर परिजनोें ने शनिवार को पिहानी सीएचसी पर हंगामा कर दिया। डाक्टर ने सूचना देकर कोतवाली से पुलिस बुला ली। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझा कर शांत कर किया। भीड़ का आरोप था कि डॉक्टर ने इलाज में देरी की, इसलिए किसान की मौत हो गई।
अहेमी गांव के दयाशंकर (65) शनिवार सुबह सात बजे खेत पर घास काटने गए गए थे। तभी उन्हें जहरीले कीड़े ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि इमरजेंसी में तैनात डाक्टर अपने आवास से देरी से आए थे। पुत्र सुशील का आरोप था कि डाक्टर की लापरवाही से पिता की मौत हुई है। हंगामा बढ़ने पर अस्पताल का स्टाफ इधर उधर हो गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी परशुराम सिंह मौके पर पहुंचे। हालात नियंत्रित न होते देख कोतवाल ने पीएसी बुला ली। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चिकित्साधीक्षक डा. जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना था कि जहरीला कीड़ा काटने के बाद वृद्ध के परिजन झाड़ फूंक के चक्कर मेें पड़े रहे। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे मृत हालत में ही सीएचसी लाया गया था।