सैदपुर नहर पुल के पास सोमवार दोपहर हरियाली बाजार के सेल्समैन के साथ हुई सवा दो लाख की लूट के मामले में एसपी ने खुलासे का जिम्मा क्राइम ब्रांच को सौंपा है। साथ ही थाना पुलिस की कई टीमें भी जांच में लगाई गईं हैं।
शाहाबाद के हरियाली बाजार में सेल्समैन सुर्जीपुर निवासी अभिषेक सिंह सोमवार दोपहर बेहटागोकुल बाजार स्थित खाद की दुकानों से सवा दो लाख रुपये की वसूली कर हरियाली बाजार वापस जा रहा था।रास्ते में सैदपुर नहर पुल से कुछ आगे सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया था। अभिषेक कुछ समझ पाता इससे पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने उसके सीने पर तमंचा लगाकर बाइक की टंकी पर रखा नगदी भरा बैग लूट लिया। बदमाशों ने अभिषेक का मोबाइल छीनकर खेत में फेंक दिया था और उसकी बाइक की चाबी छीनकर बेहटागोकुल की ओर भाग गए थे। घटना के बाद अभिषेक ने किसी तरह पुलिस को जानकारी दी थी। दोनों आरोपी मुंह का कपड़ा बांधे थे और हेलमेट लगाए थे। थाना पुलिस व एएसपी पश्चिमी त्रिगुण विसेन ने मुआयना किया था। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने घटना के खुलासे का जिम्मा क्राइम ब्रांच को सौंपा है। एसओ उमेश्वर यादव ने बताया कि टीमें घटना की जांच कर रही हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।