भरावन। अतरौली थाना के कस्बा स्थित कारपोरेशन बैंक शाखा में खाते में धनराशि की जानकारी करने आए युवक की किसी बात को लेकर गार्ड से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गार्ड ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। इससे लाइन में लगे ग्राहकों में भगदड़ मच गई। इस दौरान गार्ड भाग गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
अतरौली थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा निवासी रीशू सोमवार को करीब दो बजे कस्बा की कारपोरेशन बैंक शाखा गया था। इस समय बैंक के गेट का चैनल बंद था। गेट के अंदर सेना से रिटायर्ड फौजी रामसनेही गार्ड की ड्यूटी पर थे। रिशू ने गार्ड से चैनल खोलने की बात कही। उसका कहना था कि उसे अपने खाते में जमा धनराशी की जांच करनी है।
इस पर गार्ड ने लंच होने की बात कहते हुए थोड़ी देर रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामसनेही ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। रीशू का आरोप है गार्ड ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। जिसमें वह बाल-बाल बचा। गोली चलने से बाहर लाइन में लगे ग्राहकों में भगदड़ मच गई।
इस दौरान गार्ड भाग गया। बैंक मैनेजर दिलीप तिवारी ने बताया कि घटना के समय वह बैंक में नहीं थे। इस लिए मामला उनके संज्ञान में नहीं है। थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। लेकिन अभी उनको किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।