शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के अमिरता गांव में बुधवार देर रात जमीन के विवाद में पौत्र ने बाबा की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना पर सीओ और कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अमिरता गांव निवासी लालता (75) ने दो शादियां की थी। पहली पत्नी से एक बेटा बनवारी और दूसरी के दो बेटे हैं। बेटों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। लालता ने जमीन पर कर्ज भी ले रखा था। कर्ज चुकाने के लिए लालता जमीन बेचना चाह रहा था। लालता की पहली पत्नी के बेटा बनवारी है।
बनवारी का बेटा शिवशरण उर्फ सन्नू जमीन बेचने का विरोध कर रहा था। इस बात को लेकर बाबा और पौत्र में अनबन थी। रात करीब सवा आठ बजे लालता हैंडपंप पर पानी पी रहा था। इस दौरान सन्नू ने फावड़े से बाबा पर वार कर दिया। इससे लालता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सीओ अरविंद कुमार वर्मा, कोतवाल राजेश कुमार सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे। वारदात के बाद पौत्र सन्नू फरार हो गया था। फिलहाल मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।