शाहाबाद सीएचसी में बहू की हत्या का आरोपी निर्विकार।
- फोटो : amarujala
शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली के वासितनगर बेझा गांव में सोमवार शाम नशेड़ी ने हथौड़े से वार कर छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी और कीटनाशक पीकर छत से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बासितनगर बेझा निवासी डल्ला के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा ओमकार दिल्ली में परिवार के साथ रहता है। दूसरे नंबर का निर्विकार और सबसे छोटा ओमहरि गांव मेें रहते हैं। परिजनों के मुताबिक निर्विकार नशे का आदी है, इससे उसकी शादी नहीं हुई है।
ओमहरि के परिवार में दो बेटी शिल्पी, उपासना और दो बेटे दीपक , दीपू व पत्नी तारादेवी (35) थी। निर्विकार की नशे की लत से पूरा परिवार परेशान था। परिजनों ने बताया कि नशा छुड़ाने के लिए उसे बरेली के नशामुक्ति केंद्र में काफी दिन भर्ती भी कराया गया था।
दो दिन पहले निर्विकार बरेली से घर आ गया था। सोमवार को उसने शराब पीने के साथ नशीली गोलियां खा ली। शाम करीब पांच बजे हथौड़ा लेकर घर पहुंचा। तारादेवी अपने कमरे में बच्चों के साथ बैठी थी। निर्विकार ने डांटकर बच्चों को कमरे से भगा दिया।
इसके बाद उसने तारादेवी पर हथौड़े से ताबड़तोड़ कई वार किए। मौके पर ही तारा की मौत हो गई। उधर, बहू की हत्या कर निर्विकार ने कीटनाशक पी लिया। इसके बाद वह छत पर चढ़ गया और नीचे छलांग लगा दी। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर सीओ अरविंद कुमार वर्मा और कोतवाल विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने घायल निर्विकार को आनन-फानन में सीएचसी शाहाबाद भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि ओमहरि की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।