अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार को जमीन पर कब्जे के विवाद में दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें दोनों पक्ष की तरफ से आठ लोग घायल हो गए।
पाली थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी स्व. मटरूलाल के परिवार में पत्नी गुड्डी के अलावा दो बेटियां साधना (25) व उपासना (22) हैं। मटरूलाल ने दोनों बेटियों की शादी कर दी थी। मटरू लाल के पास गांव में मकान व करीब आठ बीघा खेत है। करीब दो साल पहले मटरू की मौत हो गई थी। इसके बाद से गुड्डी गांव में ही रहती है। बेटियां भी अक्सर गांव आया करती हैं। मटरू की मौत के बाद से परिवार के ही कुछ लोगों ने मकान व खेत पर कब्जा कर लिया है। कुछ दिन पहले बड़ी बेटी साधना गांव आई थी। शनिवार सुबह साधना की पैतृक संपत्ति पर कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। मारपीट में एक पक्ष की तरफ से साधना, हरिनाथ (40), रविशंकर (20), गुड्डी (50) पत्नी स्व. मटरू व दाताराम (55) जख्मी हो गए। दूसरे पक्ष की तरफ से सियाराम (40), रामकिशन (50), रामदेवी (70) घायल हो गईं। दोनों पक्ष की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ संजय मौर्या ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल गेट पर बेहोश हुई साधना
जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में मारपीट में घायल साधना को परिजन जिला अस्पताल ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने साधना को भर्ती नहीं किया था। जबकि उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इसी के चलते वह अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटक रही थी। इसी दौरान जिला अस्पताल गेट के सामने वह बेहोश हो गई। महिला को पड़ा देख लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर प्रभारी सीएमएस डॉ. एसपी गौतम पहुंचे। महिला को इमरजेंसी कक्ष में भिजवाया।
- जमीन के विवाद में मारपीट, आठ घायल
- पाली थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना
- पुलिस ने घायलों को जिला अस्पातल में भर्ती कराया