कछौना। बेटे की शादी की तैयारियों के लिए बैंक से रुपये निकालने के बाद दुकान पर सामान खरीद रहे सेवानिवृत्त शिक्षक का थैला बाइक सवारों ने पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नारायण देव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक नेकराम विमल सोमवार को बाइक से कस्बा आए थे। कस्बा स्थित बैंक शाखा से उन्होंने एक लाख रुपये निकाले। रुपयों भरा थैला लेकर बाइक में टांग दिया। नेकराम ने बताया कि इसके बाद वह हरदोई लखनऊ रोड पर बस स्टैंड के पास स्थित पाइप की दुकान के सामने बाइक खड़ी कर सामान लेने लगे। तभी वहां बाइक सवार दो युवक आए और बाइक में टंगा थैला लेकर भाग गए। शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने युवकों का पीछा करने का प्रयास किया। पुलिस ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। नेकराम ने बताया कि 2 मई को उसके बेटे की शादी है। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जागएी।