थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर ग्राम मरकड़ा के पास शनिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने अधेड़ को चाकू मारकर घायल कर दिया। उससे पचास हजार रुपये लूट लिए। एएसपी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
लोनार थाना क्षेत्र के बाजपुर-नकटौरा निवासी जितेंद्र कुमार (43) पुत्र ऊधवलाल दिवाकर ने बताया कि वह शनिवार सुबह फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ के रेलवे कालोनी निवासी दामाद ललित कुमार को देखने गए थे। उसके इलाज के लिए पचास हजार रुपये ले गए थे। दामाद ने रुपये लेने से मना कर दिया। वह शनिवार रात करीब पौने आठ बजे बाइक से घर वापस आ रहे थे। बिल्हौर-कटरा हाईवे पर सवायजपुर कोल्ड स्टोर के नजदीक ग्राम मड़करा के पास पीछे से आए दो बाइक सवारों ने उसे रोक लिया और उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। उन लोगों ने उसकी जेब से पचास हजार रुपये निकाल लिए। विरोध पर उसके बाएं हाथ की तीन अंगुलियों पर चाकू मार दिया। वह लोग धमकी देकर सवायजपुर की ओर भाग गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ शाहाबाद उमाशंकर और एडिशनल एसपी त्रिगुण विसेन मौके पर पहुंचे और थानाध्यक्ष को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।