हरपालपुर। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ककरा की ग्राम प्रधान के देवर की पीट-पीट कर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने प्रधान पति की तहरीर पर 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूछताछ के लिए पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। उधर दूसरी ओर माहौल बिगड़ने की आशंका में पुलिस बल ककरा में मुस्तैद रहा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्राम ककरा की प्रधान अजमतुन का चचेरा देवर मुन्ना (38) गांव के ही भैयालाल का ट्रैक्टर लेकर बुधवार को अनाज बेचने के लिए हरदोई मंडी गया था। लौटते समय सांडी थाना क्षेत्र के कटरा- बिल्हौर हाईवे पर बरौलिया के निकट चंसौरा निवासी सर्वजीत (16) पुत्र रावेंद्र को ट्रैक्टर से टक्कर लग गई थी। जिससे सर्वजीत घायल हो गया था।
आरोप है कि इसके बाद दो बाइक और एक वैन में सवार होकर आए लोगों ने जनकपुरवा के पास उसे घेरकर रोक लिया था। लाठी डंडों और लात घूसों से उसकी पिटाई कर बेसुध छोड़ भाग गए थे। परिजन मुन्ना को सीएचसी हरपालपुर ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
मामले में गुरुवार को प्रधानपति सगीर खां की तहरीर पर 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर दूसरी ओर पुलिस ने अलग अलग टीमें लगाकर छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में सर्वजीत, रावेंद्र भी शामिल है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम जिला मुख्यालय पर कराया गया।
पोस्टमार्टम में शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के निशान के अलावा नीचे की पसली टूट जाने, बड़ी आंत व लीवर फट जाने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। घटना को लेकर व्याप्त आक्रोश है। खबर लिखे जाने तक ककरा में पुलिस बल तैनात होने के अलावा हरपालपुर की सीओ ममता कुरील हरपालपुर कोतवाली में अरवल, सांडी, लोनार थानों की पुलिस के साथ मौजूद थीं।